धामी सरकार के चार वर्षों की विफलताओं पर महानगर कांग्रेस कोटद्वार ने बताया विफल सरकार
धामी की भाजपा सरकार ने चार साल के शासन में समस्याओं के आगे घुटने टेके
उत्तराखंड में भाजपा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चार वर्ष पूर्ण होने पर महानगर कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार द्वारा गोखले मार्ग स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया और कहा कि इन चार वर्षों में उत्तराखंड विकास की पटरी से पूरी तरह उतर चुका है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल ने कहा कि धामी सरकार के चार वर्षों में महिलाओं के साथ बलात्कार, हत्या व उत्पीड़न की घटनाएं चरम पर पहुंच गईं, कानून व्यवस्था पूरी तरह से विफल रही है। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पलायन की मार से आम जनता त्रस्त है।
कार्यकारी अध्यक्ष श्री प्रवीन रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने इन चार वर्षों में भ्रष्टाचारियों, भू-माफिया, खनन माफिया और शराब माफिया को खुला संरक्षण दिया है। विभिन्न विभागों में हुए भर्ती घोटालों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वक्ताओं ने कहा कि चारधाम यात्रा की बदहाल व्यवस्थाएं, दुर्घटनाओं में वृद्धि और सरकारी लापरवाही ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके साथ ही लंबे समय से सेवाएं दे रहे उपनल कर्मी, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपेक्षा और शोषण के शिकार हैं, जबकि पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग कर रहे कर्मचारियों को उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
बदहाल कोटद्वार, सुनने को तैयार नहीं ट्रिपल इंजन सरकार...!
स्थानीय मुद्दों पर भी वक्ताओं ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में सरकारी अस्पताल की स्थिति दयनीय हो चुकी है – डॉक्टरों की भारी कमी, उपकरणों का अभाव और मरीजों की उपेक्षा से जनमानस को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों की हालत खस्ता है, गलियों में कीचड़ और जलभराव आम बात हो गई है। साफ-सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और मूलभूत सेवाओं में भारी लापरवाही बरती जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ विज्ञापनों और खोखले नारों तक सीमित है, जमीन पर कोई कार्य नहीं हुआ। जनता अब परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस पार्टी जन-जन तक इन असफलताओं को पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
प्रेस वार्ता में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, प्रदेश सचिव गणेश नेगी, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय रावत, सेवादल महानगर अध्यक्ष महावीर सिंह रावत, प्रदेश महासचिव बृजपाल सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष सुदर्शन रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील सेमवाल, प्रवक्ता राकेश शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी सतेंद्र सिंह नेगी, सचिव मानशेर सिंह सैनी, कार्यालय सचिव राजीव कपूर, संरक्षक देवेंद्र सिंह नेगी, सैनिक प्रकोष्ठ चंद्रमोहन सिंह रावत, महामंत्री धर्मेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ कांग्रेसी राजेंद्र असवाल, महामंत्री राजन चार्ल्स, शामिल रहे।
0 Comments