महात्मा गांधी के सत्य-अहिंसा के संदेश व लालबहादुर शास्त्री के जय जवान जय किसान नारे के पैगाम का दिन
प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों महापुरुषों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर गांधी जी का प्रिय भजन रामधुन का गायन भी किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि सत्य और अहिंसा ही सबसे बड़ी शक्ति है। उनका स्वच्छता का मंत्र आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना स्वतंत्रता आंदोलन के समय था। यदि हम गांधी जी की सोच को व्यवहार में लाएँ तो समाज से असमानता और भेदभाव समाप्त हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपने सरल जीवन और दृढ़ संकल्प से पूरे देश को यह विश्वास दिलाया कि सादगी और ईमानदारी से भी बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। उनका दिया ‘जय जवान, जय किसान का नारा आज भी किसानों और सैनिकों को समान रूप से प्रेरित करता है। हमें उनके आदर्शों को केवल स्मरण नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्हें जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इसके अलावा उन्होंने दोनों महापुरुषों के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी।
अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने कहा कि गांधी जी का दर्शन हमें सिखाता है कि बिना हिंसा के भी सबसे बड़ी लड़ाई जीती जा सकती है। उनका संपूर्ण जीवन सत्य, करुणा और स्वच्छता का प्रतीक है। आज जब हम आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहे हैं, तब शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और परिश्रम से प्रेरणा लेकर कार्य करना समय की आवश्यकता है। दोनों महापुरुषों का जीवन हमें यह विश्वास दिलाता है कि त्याग, सेवा और अनुशासन ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। युवाओं को विशेष रूप से उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाकर देश को सशक्त बनाने में योगदान देना चाहिए।
इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कार्मिकों द्वारा सफाई अभियान भी चलाया गया। एकत्रित कूड़े को नगर पालिका के वाहन के माध्यम से निस्तारण को भेजा।
वहीं कंडोलिया मैदान के समीप महात्मागांधी की मूर्ति पर प्रभारी जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने माल्यार्पण किया। विकास भवन में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, डीपीओ देवेंद्र थपलियाल, प्राचार्य भातखंडे संगीत महाविद्यालय अनिरुद्ध बिष्ट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र टम्टा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कुसुम तड़ियाल, नाजिर मनोज रावत सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
आयुक्त गढ़वाल मंडल कार्यालय में महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आयुक्त गढ़वाल मण्डल कार्यालय परिसर, पौड़ी गढ़वाल में अपर आयुक्त गढ़वाल मण्डल उत्तम सिंह चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तत्पश्चात् उन्होंने गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गांधी जी का प्रिय भजन रामधुन का गायन किया गया।
अपर आयुक्त गढ़वाल मण्डल उत्तम सिंह चौहान ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार मानते हुए स्वतंत्रता संग्राम को जन आंदोलन का स्वरूप दिया। उन्होंने सत्याग्रह, असहयोग एवं स्वदेशी के माध्यम से विदेशी शासन को चुनौती दी तथा हरिजन उत्थान, ग्राम स्वराज एवं सामाजिक समानता पर विशेष बल दिया।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को स्मरण करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने अपने सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से देश को नई दिशा दी। उनका नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी आत्मनिर्भरता और अनुशासन का प्रतीक है। 1965 के भारत-पाक युद्ध में उन्होंने सैनिकों का मनोबल बढ़ाकर देश को एकजुट रखने का कार्य किया।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राकेश सिंह रावत, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी धर्म सिंह रावत, नाजिर विजय कुमार नैथानी, प्रधान सहायक बृज भूषण यादव, वरिष्ठ सहायक लक्ष्मण सिंह नेगी, राजेश कुमार, प्रेमचंद, प्रबोध, केसर सिंह, मनोज रावत, जीतेंद्र असवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 Comments