71वें फुटबाल गढ़वाल कप का कोटद्वार में भव्य आगाज़


 71वें फुटबाल गढ़वाल कप का कोटद्वार में भव्य आगाज़

 उद्घाटन मैच में ऋषिकेश FC ने 90 मिनट दिल्ली क्लब को पीटा
दूसरे मैच में सिद्धबली यूनाइटेड और श्रीनगर एफसी के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा 


 कोटद्वार । गढ़वाल का द्वार कहे जाने वाले ऐतिहासिक शहर कोटद्वार में फुटबॉल के महाकुंभ '71वें फुटबाल गढ़वाल कप' का रविवार को शंखनाद हो गया। स्व. शशिधर भट्ट राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण, विशिष्ट अतिथि डॉ. साकेत बडोला (निदेशक, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व), सुमन कोटनाला (अध्यक्ष, मंडी समिति), कमल नेगी और अनूप मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

सांस्कृतिक छटा और भव्य मार्च पास्ट:

कार्यक्रम का प्रारंभ पीएम श्री जी.जी.आई.सी. कोटद्वार के बैंड द्वारा शानदार मार्चिंग पास्ट के साथ हुआ। विधानसभा अध्यक्ष एवं स्व. शशिधर भट्ट की धर्मपत्नी श्रीमती मायादेवी भट्ट ने मां सरस्वती एवं स्व. भट्ट के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान और मनमोहक गढ़वाली सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने गढ़वाल कप को दर्शकों के लिए यादगार बना दिया।

उद्घाटन मैच का रोमांचक मुकाबला (ऋषिकेश FC बनाम 90 मिनट क्लब दिल्ली)

उद्घाटन मुकाबले में ऋषिकेश FC और दिल्ली के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। ऋषिकेश के दीपांशु बिष्ट ने मैच के 45वें मिनट में शानदार गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। दिल्ली की टीम ने वापसी की भरपूर कोशिश की, लेकिन ऋषिकेश ने अपनी मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर 1-0 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।

दूसरा मैच: (सिद्धबली यूनाइटेड बनाम श्रीनगर FC)

दूसरे मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि दर्शन भंडारी और प्रधानाचार्य गिरिराज सिंह रावत द्वारा किया गया। यह मैच बेहद आक्रामक रहा। पहले हाफ तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर रहीं। दूसरे हाफ में खेल ने गति पकड़ी और 51वे मिनट में श्रीनगर के दीपक ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 65वां मिनट में मेजबान सिद्धबली यूनाइटेड के अलंकृत नेगी ने टीम को मिले पेनल्टी शूट को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला दिया। मैच के अंतिम क्षणों तक दोनों टीमें एक दूसरे पर बढ़त बनाने की भरसक प्रयास करती रही परन्तु दोनों टीमों को कामयाबी नहीं मिल पाई और मुकाबला बराबरी पर छूटा। मैच के दौरान रेफरी की भूमिका प्रकाश, शिवा, ऋतिक, सुजल जोशी और इंदर सिंह ने निभाई।

 विदेशी खिलाड़ियों का आकर्षण रहेगा दूसरे दिन - सोमवार को टूर्नामेंट के  दिन दो बड़े मुकाबले होंगे,पहला मैच- खालसा पंजाब बनाम 90 मिनट क्लब दिल्ली,दूसरा मैच- वेलोसिटी चंडीगढ़ बनाम श्रीनगर FC।

 गढ़वाल कप के दौरान  स्व. शशिधर भट्ट स्मृति खेल संस्था के अध्यक्ष अतुल भट्ट, अनुज भट्ट, तरुण गौड़, हरीश वर्मा, गोपाल जसोला, वीरेंद्र सिंह रावत, अनीता बिष्ट, लक्ष्मी रावत, रिंकी डबराल, अनूप मिश्रा, सिद्धार्थ रावत और मीडिया प्रभारी शिवम नेगी सहित हजारों खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments