माता-पिता की आंखों के सामने बच्चे को खींच ले गया गुलदार

 माता-पिता की आंखों के सामने बच्चे को खींच ले गया गुलदार 


 बिजनौर (उत्तर प्रदेश)। कोटद्वार गढ़वाल से सटे बिजनौर जिले के नगीना देहात क्षेत्रांतर्गत  सिंगनीवाला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार शाम एक खूंखार गुलदार (तेंदुए) ने 8 वर्षीय मासूम रवि पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। यह खूनी हमला माता-पिता की आंखों के सामने हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता की आंखों के सामने खींच ले गया गुलदार

मिली जानकारी के मुताबिक, सिंगनीवाला निवासी नरसिंह का 8 वर्षीय बेटा रवि अपने माता-पिता के साथ खेत पर गया हुआ था। शाम लगभग 5:30 बजे जब पूरा परिवार जंगल से घर लौट रहा था, तभी गन्ने के खेत में घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक रवि पर हमला कर दिया।

गुलदार देखते ही देखते मासूम को माता-पिता के सामने से खींचकर घने गन्ने के खेत में ले गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े, लेकिन जब तक लोग पहुंचे, गुलदार रवि को मौत के घाट उतार चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का अमला गांव पहुंचा, प्रशासनिक व पुलिस टीम उप जिलाधिकारी (SDM) प्रिंस कुमार, सीओ राजेश कुमार, थाना प्रभारी सत्येंद्र तथा उप निरीक्षक नितेंद्र व सत्यपाल मौके पर पहुंचे।

 वन विभाग एसडीओ सरिता और रेंजर सचिन शर्मा की देखरेख में गुलदार को पकड़ने के लिए टीम तैनात की गई। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर जिला अस्पताल भेज दिया है। 



 ग्रामीणों में भारी आक्रोश, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना से गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पिछले कई दिनों से गुलदार की चहलकदमी देखी जा रही थी। वन विभाग को इसकी सूचना भी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों वन विभाग व प्रशासन से खूंखार आदमखोर गुलदार को पकड़ने के लिए तुरंत पिंजरा लगाया जाने, गांव व आसपास के इलाकों में वन विभाग की नियमित गश्त शुरू करने, पीड़ित परिवार को शासन की ओर से उचित आर्थिक मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

फिलहाल, वन विभाग की टीम ने इलाके में गुलदार की तलाश में कांबिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

Post a Comment

0 Comments