कोटद्वार नगर निगम में चौराहों पर अतिक्रमण मुक्ति को लेकर मिशन सांस्कृतिक का बिगुल
जिम्मेदार सरकारी मशीनरी की खामोशी से ख़फ़ा मिशन सांस्कृतिक संगठन ने चौराहों को अतिक्रमण मुक्त करने का उठाया बीड़ा
कोटद्वार। नगरनिगम बनने के बाद से कोटद्वार के व्यस्ततम चौराहों पर हुए अतिक्रमण के चलते आम जनता को हो रही मुसीबतों से जनता त्राहिमाम कर रही है। गौरतलब है कोटद्वार नगर निगम क्षेत्रांतर्गत 40 वार्ड हैं जिनमें अधिकांश वार्डों के चौराहों पर अतिक्रमणकारियों द्वारा अतिक्रमण कर आमजन के लिए मुसीबतों का ढेर लगा दिया।
कोटद्वार के दिल की धड़कन झंडा चौक, गोखले मार्ग बाजार, बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेशन रोड, लालबत्ती चौक, देवी रोड़, देवी मंदिर चौराहा, तड़ियाल चौक,सिंबलचौड़ चौराहा, निम्बू चौड़ चौराहा,दुर्गापुरी चौराहा,किशनपुरी चौराहा पर तो मानकर चलिए कि इन चौराहों पर अतिक्रमणकारियों की चौधराहट चलती है। इनके सामने नगरनिगम प्रशासन, पुलिस प्रशासन और तहसील प्रशासन भीगी बिल्ली नजर आ रहा है। कभी कभार अगर शासन-प्रशासन और नगर-निगम प्रशासन अतिक्रमण मुक्त करने को लेकर कार्रवाई शुरू करते हैं तो राज्य सरकार के स्थानीय नुमाइंदे बिजली की तेजी से एक्टिव होकर अतिक्रमण मुक्त करने गई टीम को बैरंग भिजवा देते हैं।
गजब तो यह है कि भाजपा की हिन्दुवादी ट्रिपल इंजन सरकार और उसकी मशीनरी बाहरी राज्यों से आए अतिक्रमणकारियों का बालबांका तक नहीं कर पा रही है। जिससे इसका खामियाजा स्थानीय छोटे छोटे कृषकों और व्यापारियों को उठाना पड़ रहा है। यही नहीं स्थानीय उपभोक्ताओं को इन बाहरी विक्रेताओं की ऊल-जुलूल और अपमानजनक फब्तियों से भी गुजरना पड़ता है। इसी को लेकर कोटद्वार के सभी 40 वार्डों के चौक चौराहों पर बैठे अवैध कब्जा धारियों के अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए मिशन सांस्कृतिक कोटद्वार के शिष्टमंडल ने सिंचाई राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल को101 सदस्यों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपकर कोटद्वार प्रशासन को निर्देश देने का अनुरोध किया।
राज्य मंत्री ने पूर्व सैनिक सुनील बहुखंडी संयोजक मिशन सांस्कृतिक कोटद्वार एवं उनके साथी सदस्यों के अनुरोध पत्र के जवाब में अविलंब कार्यवाही कर जिलाधिकारी पौड़ी,, एसडीएम कोटद्वार और नगर आयुक्त नगर निगम कोटद्वार को निर्देश पत्र जारी कर दिया है। सुनील बहुखंडी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके और संगठन के माध्यम से स्थानीय नगर निगम प्रशासन, पुलिस प्रशासन और तहसील प्रशासन को कई बार मौखिक और पत्राचार कर इस गंभीर समस्या का निस्तारण का अनुरोध किया गया परंतु आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। शीघ्र ही प्रशासन द्वारा कदम नहीं उठाया तो उनका मिशन सांस्कृतिक संगठन कानूनी दायरे में स्थानीय जनता व स्थानीय लघु व्यवसायियों के सहयोग से समस्या का समाधान करने का पूरा प्रयास करेगा।
ज्ञापन देने वाले शिष्ट मंडल में पूर्व सैनिक भगवती प्रसाद कंडवाल वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, विक्रम सिंह नेगी, महेंद्र सिंह नेगी व सुनील बहुखंडी उपस्थित रहे।
0 Comments