कोटद्वार में श्रद्धापूर्वक मनाई गई पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि

 कोटद्वार में श्रद्धापूर्वक मनाई गई पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि 


  कोटद्वार। भारत रत्न, स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि के अवसर पर कोटद्वार महानगर कांग्रेस कमेटी  द्वारा नेहरू जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस जनों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के विराट व्यक्तित्व, स्वतंत्रता संग्राम में उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर गहराई से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नेहरू जी केवल स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री ही नहीं थे, बल्कि वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी सेनानी भी रहे। उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। अंग्रेजों द्वारा उन्हें कई बार कारावास में डाला गया, लेकिन उनका उत्साह, विचार और प्रतिबद्धता कभी कमजोर नहीं पड़ी। नेहरू जी का राजनीतिक जीवन त्याग, तपस्या पर आधारित था। आज़ादी के बाद उन्होंने भारत को एक सशक्त, आधुनिक और वैज्ञानिक सोच वाला राष्ट्र बनाने के लिए जो कार्य किए, वे अद्वितीय हैं। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी, पंचवर्षीय योजनाओं से देश को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर किया, बड़े उद्योगों, आईआईटी जैसे शैक्षणिक संस्थानों, अंतरिक्ष और विज्ञान अनुसंधान की शुरुआत करवाई। उनका मानना था कि भारत को विश्व में अग्रणी स्थान दिलाने के लिए शिक्षा, विज्ञान, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि आज के परिप्रेक्ष्य में जब देश में धार्मिक ध्रुवीकरण, असहिष्णुता और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं, तब पंडित नेहरू जी की विचारधारा और उनके द्वारा स्थापित मूल्य पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि राष्ट्रवाद का अर्थ विभाजन नहीं, बल्कि एकता, समरसता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है। आज जब युवा पीढ़ी नए भारत का सपना देख रही है, तब नेहरू जी के विचार उन्हें दिशा और प्रेरणा देने वाले प्रकाश स्तंभ हैं।

गोष्ठी की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष श्री संजय मित्तल ने की तथा संचालन कार्यकारी अध्यक्ष श्री प्रवीन रावत द्वारा किया गया। । इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के अध्यक्ष संजय मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट,यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय रावत, सेवादल महानगर अध्यक्ष महावीर सिंह रावत, प्रदेश सचिव गणेश नेगी, कोषाध्यक्ष सुदर्शन रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील दत्त सेमवाल, कोटद्वार विधानसभा अध्यक्ष साबर सिंह नेगी, संरक्षक देवेंद्र सिंह नेगी, वरिष्ठ कांग्रेसी संरक्षक विजय माहेश्वरी, कार्यालय सचिव राजीव कपूर, जिला पूर्व सैनिक उपाध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह रावत, महामंत्री उपेंद्र सिंह नेगी,सचिव मानशेर सिंह सैनी, महामंत्री नीरज बहुगुणा, सचिव विनोद कुमार आदि कांग्रेस जन मौजूद रहे। 

  

Post a Comment

0 Comments