रसोई गैस कालाबाजारी पर कोटद्वार में बड़ी कार्यवाही 35 सिलैंडरों के साथ वाहन जब्त

रसोई गैस कालाबाजारी पर कोटद्वार में बड़ी कार्यवाही 35 सिलैंडरों के साथ वाहन जब्त 

कोटद्वार में पिकअप से 35 गैस सिलेंडर बरामद, चालक पर एफआईआर 
 जिलेभर में छापेमारी, दो मामलों में 9200 रुपये का अर्थदंड


  कोटद्वार। पूरे देश में इजरायल अमेरिका - ईरान युद्ध के चलते रसोई गैस आपूर्ति को मुनाफाखोरों द्वारा स्टाक जमा करने ब्लैक में गैस आपूर्ति करने की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। मुनाफाखोरों और स्टाक जमा करने वाले जमाखोरों के खिलाफ सरकार ने भी सख्त कदम उठाने शुरू कर दिया है। सरकार के सख्त निर्देशों के चलते राज्य सरकार और जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। जनपद पौड़ी में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन व पूर्ति विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान कोटद्वार में लालबत्ती चौराहे पर एक पिकअप वाहन से 20 खाली व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। 

उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में नायब तहसीलदार, बाट-माप निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर वाहन को पकड़कर सिलेंडरों को जब्त किया। मामले में वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत जिले में कुल 203 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 8 गैस गोदाम, 3 पेट्रोल पंप और 189 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर दो मामलों में 4600-4600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जबकि दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद पौड़ी गढ़वाल अन्तर्गत संचालित समस्त गैस एजेंसियों में घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा आपूर्ति भी सुचारू है। समस्त उपभोक्ताओं से अपील है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और न ही अफवाह फैलाए। जनपद में आज भी घरेलू, गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हुई है तथा जनपद को निरन्तर रूप से घरेलू गैस प्राप्त हो रही है। उन्होंने सभी घरेलू गैस उपभोक्ताओं से यह भी अपील  कि है कि अनावश्यक अफवाहों पर ध्यान न दें तथा निर्धारित समयावधि (25 दिन) के उपरान्त ही अपनी गैस हेतु बुकिंग कराएं। 




Post a Comment

0 Comments